शहीदों के सम्मान में घरौंडा में हुआ शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा का जोरदार आयोजन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओ.पी. धनखड़ ने तिरंगा यात्रा के लिए एकत्रित जनसमूह को सम्बोधित कर यात्रा का किया नेतृत्व, सांसद संजय भाटिया व विधायक हरविन्द्र कल्याण सहित अनेक भाजपा नेता व कार्यकर्ता यात्रा में हुए शामिल।

Spread the love

शहीदों के सम्मान में घरौंडा में हुआ शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा का जोरदार आयोजन,
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओ.पी. धनखड़ ने तिरंगा यात्रा के लिए एकत्रित जनसमूह को सम्बोधित कर यात्रा का किया नेतृत्व,
सांसद संजय भाटिया व विधायक हरविन्द्र कल्याण सहित अनेक भाजपा नेता व कार्यकर्ता यात्रा में हुए शामिल।
करनाल 13 अगस्त(पी एस सग्गू)
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओ.पी. धनखड़ ने कहा कि जिन वीर शहीदों के बलिदान से देश को आजादी मिली, उनका इतिहास अधूरा है, इसके लिए उन्होंने कांग्रेस पार्टी के तत्कालीन नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह शहीदों के साथ एक नाइंसाफी है। उन्होंने शहीद भगत सिंह के जन्म स्थान बंगा, तहसील जारनवाला (पाकिस्तान) का उद्हारण देते कहा कि आजादी के बाद हमारे देश के नेता ऐसे पवित्र स्थानो को सुरक्षित तक नहीं रख सके और अपने स्वार्थ के लिए देश का बंटवारा करवा दिया। धनखड़ ने कहा कि जिन शहीदों की तीन-तीन पीढिय़ों ने देश को आजाद करवाने के लिए संघर्ष किया, यह उनका सरासर अपमान है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा को यह गौरव प्राप्त है कि सेना में 10 प्रतिशत सैनिक हरियाणा से हैं और युद्धों तथा सीमाओं की रक्षा में बलिदान देने वाले सैनिको की संख्या 25 प्रतिशत है। ऐसे शहीदों को भूलना नहीं चाहिए, बल्कि युवा पीढ़ी को इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए, ताकि उनमें देशभक्ति का जज्बा बना रहे। इसी बात को लेकर आजादी के 75वें दिवस को यादगार बनाने के लिए प्रदेश में शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह किसी पार्टी का नहीं, बल्कि शहीदों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि तिरंगा, जो देश के साथ-साथ हर भारतीय की आन, बान और शान है, को सम्मान देना भी इस कार्यक्रम का हिस्सा है।
किसान अंदोलन का जिक्र करते उन्होंने कहा कि इससे जुड़े लोग अंदोलन के नाम पर राजनीतिकरण में लगे हैं, इसके अलावा कुछ नहीं। जन-धन की हानि ही इनकी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने किसानो के हित में बहुत से काम किए हैं। स्वामीनाथन रिपोर्ट की अधिकतर सिफारिशों को लागू किया, फसलों के खराबे पर मुआवजे को बढ़ाकर 6 से 12 हजार किया और इस प्रकार 4 हजार करोड़ रूपया किसानो को मुआवजे के रूप में पहुंचाए। इसी प्रकार प्रदेश में किसानो को गन्ने का 350 रूपये प्रति क्विंटल सर्वाधिक भाव दिया जा रहा है, किसानो का बाजरा 2150 रूपये प्रति क्विंटल में खरीदा गया। किसानो के हित के लिए यह सरकार प्रतिबद्ध बनी रहेगी।
अपने उद्बोधन से पहले प्रदेशाध्यक्ष ने घरौंडा उपमण्डल के शहीद परिवारों की वीरांगनाओं व उनके परिजनों को शाल व लोई देकर सम्मानित किया। इनमें शहीद दीवान चंद निवासी बसी अकबरपुर की पत्नी रेशमा देवी, शहीद बलजीत सिंह डींगर माजरा की पत्नी अरूणा रानी, शहीद मनोज कुमार की माता कुसम देवी, शहीद सुल्तान सिंह की पत्नी सुमन लता, शहीद मल्खान सिंह की पत्नी कांता देवी, शहीद सुखबीर सिंह के पुत्र सागर तथा शहीद सूबे सिंह संधू की पत्नी शांति देवी को सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम में पधारे करनाल के सांसद संजय भाटिया ने शहीदो का स्मरण कर उन्हें अपने शब्दों से विनम्र श्रद्धांजलि दी
घरौंडा विधानसभा के विधायक व तिरंगा यात्रा के संयोजक हरविन्द्र सिंह कल्याण ने प्रदेशाध्यक्ष और सांसद का घरौंडा पधारने पर एकत्रित जनसमूह की ओर से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में एक महत्व छिपा है, जिस तरह से देश में दशहरा, दीवाली, गुरूपर्व और ईद को लोग हर्षोल्लास से मनाते हैं, उनके पीछे बुराई पर अच्छाई की पृष्ठभूमि है। इन दिवसों को लोग त्यौहार के रूप में लेते हैं। स्वतंत्रता दिवस भी किसी त्यौहार से कम नहीं। यह राष्ट्रीय पर्व है, क्योंकि लम्बे संघर्ष के बाद 15 अगस्त 1947 को देश को आजादी मिली थी। उसी आजादी को समर्पित आज प्रदेश में शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा के आयोजन से न केवल शहीदों का सम्मान किया जा रहा है, बल्कि इससे युवाओं में नई ऊर्जा का संचार भी हो रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में हर वर्ग और क्षेत्र का विकास हो रहा है। कोरोना काल में भी विकास कार्यों की गति बेशक धीमी रही, लेकिन रूकी नहीं। भाजपा की सरकार और इसके कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंद लोगों को दवाई, भोजन और अस्पतालों में जाकर ऑक्सीजन जैसी जरूरतें मुहैया करवाई।
नई अनाज मण्ड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम में मंच पर मौजूद नेताओं ने सबसे पहले शहीदों के चित्र पर अर्पित किए, दीप प्रज्जवलित कर, भारत माता का जयकारा और वंदे मातरम का गायन किया।
खास बात यह थी कि कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित लोग अपने हाथों में तिरंगा लेकर उसे हर्षोल्लास के साथ लहराते रहे। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष ओ.पी. धनखड़ ने मंच से बताया कि मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल खट्टर के छोटे भाई गुलशन खट्टर का आकस्मिक निधन हो गया है और आज ही उनका संस्कार है। इस पर दिवंगत गुलशन खट्टर और देश के महान शहीदों को श्रद्धांजलि देने के मकसद से एकत्रित सभी ने 2 मिनट का मौन धारण किया। एस कार्यक्रम में इन्द्री के विधायक राम कुमार कश्यप, भाजपा पिछड़ा वर्ग महिला मोर्चा की अध्यक्ष निर्मला बैरागी, भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, भाजपा के जिला प्रभारी दीपक शर्मा, पूर्व विधायक रमेश कश्यप व भगवान दास कबीरपंथी, हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र चौहान, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, करनाल शहरी मण्डल के प्रधान प्रवीन लाठर, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश राणा व राजेन्द्र संधू, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता राजबीर शर्मा ,जिला मीडिया प्रमुख डा अशोक कुमार, विकास कथुरिया, मनमीत बावा सुभाष कश्यप, सुनील गोयल, कृष्ण भुक्कल, जोगिन्द्र वाल्मिकी, नरेश कुमार तथा जोगिन्द्र राणा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top