भ्रष्टाचार मिटाने के लिए योजनाओं को किया ऑनलाइन: मुख्यमंत्री – 4 हजार शक्ति केंद्र प्रमुखों को किया जा रहा है प्रशिक्षित: धनखड़ – करनाल में शक्ति केंद्र प्रमुखों की कार्यशाला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने लिया हिस्सा

Spread the love
भ्रष्टाचार मिटाने के लिए योजनाओं को किया ऑनलाइन: मुख्यमंत्री
– 4 हजार शक्ति केंद्र प्रमुखों को किया जा रहा है प्रशिक्षित: धनखड़
– करनाल में शक्ति केंद्र प्रमुखों की कार्यशाला में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने लिया हिस्सा
करनाल, 6 अगस्त ( पी एस सग्गू)
करनाल में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी शक्ति केंद्र प्रमुखों की कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील कार्यकर्ताओं से की। जबकि प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने और बूथ को मजबूत करने पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रदेश को भ्रष्टाचार से मुक्त करने के लिए सरकारी योजनाओं व सरकार की तबादला नीति को ऑनलाइन किया। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए काम कर रही है। मनोहर लाल ने कॉमनवेल्थ में हरियाणा के खिलाड़ियों की सफलता का जिक्र करते हुए मेडल जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि हरियाणा सरकार की खेल नीति से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं और प्रदेश के खिलाड़ी देश का नाम दुनिया में उंचा कर रहे हैं। उन्होंने अग्निवीर योजना की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने नौकरियों में पारदर्शिता आयुष्मान योजना की सफलता, हर घर नल से जल योजना के विषय पर भी जानकारी दी।
कार्यशाला के दूसरे सत्र में प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ का कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी कार्यकर्ता हर बूथ पर 50 तिरंगा लहराने का काम करें और जिन घरों पर तिरंगा लगे उसकी सूची अवश्य तैयार करें। उन्होंने इस अवसर पर यह भी कहा कि तिरंगा हवा से नहीं, अपितु बलिदानियों की अतिंम सासों से लहराता है। उन्होंने इस मौके पर तिरंगा की गरिमा का अवश्य ध्यान रखने की बात भी कही। इस अवसर पर उन्होंने जिला पंचायत चुनाव व नगर निगम चुनाव को लेकर शक्ति केंद्र प्रमुखों को अभी से तैयारियों में जुट जाने को कहा। ओम प्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को बूथ की मजबूती के टिप्स देते हुए कहा कि बूथ प्रमुख का सबसे पहला काम अपने बूथ को मजबूत करना है और इसके लिए संगठन के हर कार्यकर्ता के साथ संवाद करना बहुत जरूरी है। उन्होंने संवाद को ही जीत का मंत्र बताते हुए कहा कि संवाद से न केवल संगठन मजबूत रहता है बल्कि चुनाव जीतना भी आसान हो जाता है और इसके अलावा यदि बूथ पर और वोट पर आपका प्रबंधन अच्छा है तो आप बूथ नहीं हार सकते।
जिला शक्ति केंद्र प्रमुख कार्यशाला कल्पना चावला सभागार में सम्पन्न हुई। जिसमे करनाल के सभी 17 मंडलों के सभी शक्ति केंद्र प्रमुख उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा दीप प्रज्वलन करने के बाद किया गया। प्रदेश महा मंत्री एडवोकेट वेदपाल  ने भी अपना संबोधन रखा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा,मुख्यमंत्री प्रतिनिधि संजय बठला, मेयर रेणू बाला गुप्ता, जिला प्रभारी दीपक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण लाठर, जिला महामंत्री राजबीर शर्मा, सुनील गोयल, जिला मीडिया प्रभारी डा अशोक कुमार, हरपाल कलामपुरा, विकास कथूरिया व अन्य सभी जिला पदाधिकारी एवं सभी शक्ति केंद्र प्रमुखों के अतिरिक्त पार्टी के अन्य कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
… बॉक्स…
कांग्रेस अपने भ्रष्टाचार को छिपाने का काम कर रही है: धनखड़
कार्यशाला के बाद प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस अपने ही भ्रष्टाचार को छिपाने की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई को लड़ते हुए शहीद होने वाले हजारों नामों को उजागर ही नहीं होने दिया।  धनखड़ ने कहा कि यह अच्छी बात है कि कांग्रेस पार्टी  महंगाई के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रही है जबकि महंगाई के बारे में पूरी दुनिया के लोग जानते हैं कि पूरी दुनिया को किस प्रकार कोरोना महामारी से लड़ना पड़ा है।
हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में पूछे गए सवाल पर ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन पर हर घर पर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत हरियाणा बीजेपी ने प्रदेश भर के 10 लाख परिवारों तक तिरंगा पहुंचाने की जिम्मेवारी ली है। इसको लेकर प्रत्येक बूथ पर 50 परिवारों को तिरंगा पहुंचाया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बीजेपी के प्रत्येक कार्यकर्ता को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेश भर में बीजेपी कार्यकर्ताओं की कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज करनाल में चौदहवीं कार्यशाला लगाई गई। इसके साथ ही विभाजन के समय 10 लाख लोग मारे गए थे। लगभग डेढ़ करोड़ लोग शरणार्थी हुए थे और हजारों महिलाओं की अस्मत लूटी गई थी ऐसी घटना को जो कौम याद नहीं रखती ऐसी कौम को फिर से ऐसी घटनाओं से गुजरना पड़ता है। इसी कड़ी में 10 तारीख तक सभी जगह कार्यशाला का आयोजन करते हुए प्रदेशभर के चार हजार शक्ति केंद्र प्रमुखों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि आने वाले पंचायती चुनाव में बीजेपी संगठनात्मक तरीके से प्रत्येक व्यक्ति तक अपनी पहुंच बना सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top